हल्द्वानी। नैनीताल जिले में तैनात दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट को उनकी उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक (DySP) पद पर पदोन्नत किया गया है।
इस अवसर पर आयोजित ‘पीपिंग सेरेमनी’ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर यूपीएस बैज लगाकर उन्हें नए पद पर अलंकृत किया। उन्होंने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की।
दोनों अधिकारी वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक के रूप में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। उमेश कुमार मलिक ने विभिन्न जनपदों और इकाइयों में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं और वर्ष 2016 में निरीक्षक बने थे। वहीं वेद प्रकाश भट्ट ने पीएसी, एसडीआरएफ सहित कई इकाइयों में कार्य करते हुए वर्ष 2015 में दलनायक पद प्राप्त किया था।
कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया और मिठाई बांटकर खुशी साझा की गई। इस दौरान एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


