उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी तेज रफ्तार तो कभी लापरवाही के कारण लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इस बीच राजधानी देहरादून के चंदन नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। कृषि विभाग से संबंधित एक सरकारी बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े सात वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात बोलेरो वाहन चंदन नगर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन ने सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक युवक को चोटें भी आईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बोलेरो में चार युवक सवार थे, जो घटना के बाद चालक समेत मौके से फरार हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटाकर कोतवाली पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल वाहन विभाग में अनुबंध पर लगाया गया है। बोलेरो पर ‘उप कृषि निदेशक सांख्यिकी’ का बोर्ड लगा हुआ था।
स्थानीय लोगों ने बोलेरो चालक और उसमें सवार युवकों पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि फरार लोगों की तलाश की जा रही है। वाहन विभाग में अनुबंध पर लगा होने की जानकारी मिली है। चालक नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले की जांच कर रही है।



