उत्तराखंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची किशोरी के गर्भवती होने का खुलासा होने से हड़कंप मच गया। मामले में किशोर पर प्रेम जाल में फंसाकर गर्भवती करने का आरोप लगा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी पिछले कुछ समय से लगातार पेट दर्द से परेशान थी। पहले परिजनों ने इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज किया, लेकिन जब दर्द बढ़ता गया तो उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड कराया, जिसमें किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इस खुलासे के बाद परिवार पूरी तरह स्तब्ध रह गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहने वाले 15 वर्षीय किशोर ने उसे प्रेम संबंध के बहाने अपने जाल में फंसाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।


