उत्तराखंड में युवती को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और इसके बाद उसकी अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों के बीच विवाद होने पर युवक ने वीडियो युवती के मंगेतर को भेज दी। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया जाने लगा। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रुद्रपुर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पुत्री की घास मंडी निवासी अर्जुन आर्य से जान-पहचान थी। आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन युवती को अपने कमरे में ले गया और वहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। युवती के नशे में होने के बाद आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच युवती का विवाह कहीं और तय हो गया। आरोप है कि इससे नाराज अर्जुन ने युवती की बनाई गई अश्लील वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दी। वीडियो भेजे जाने की जानकारी होने पर युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है कि धमकी और ब्लैकमेलिंग के चलते उसकी पुत्री मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अर्जुन आर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


