हल्द्वानी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम बच्ची पिकअप वाहन के टायर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
यह हादसा मंडी क्षेत्र के गोल्डन ग्रीन नर्सरी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कुंदन सिंह अपनी पत्नी गीतांजली और इकलौती बेटी काव्या के साथ बरेली रोड स्थित मंडी के पास किराए के मकान में रहते हैं। उनके पड़ोस में पिकअप चालक सुरेश चिलवाल भी रहता है। बताया जा रहा है कि काव्या अक्सर उसके घर के पास खेलने जाती थी।
घटना के दिन काव्या घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सुरेश अपने पिकअप वाहन को बैक कर रहा था। पीछे देखने में चूक होने के कारण बच्ची वाहन के पिछले टायर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इकलौती बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और माता-पिता गहरे सदमे में हैं।
थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


