उत्तराखंड सचिवालय में आगामी सचिवालय संघ के चुनाव को लेकर चुनावी माहौल बन गया है। सचिवालय कर्मचारियों के सबसे बड़े संगठन के चुनाव लंबे समय से लंबित थे, लेकिन अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।
सचिवालय प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया में पहल करते हुए मस्तु दास को चुनाव अधिकारी के रूप में नामित किया है। चुनाव अधिकारी के नामित होने के बाद कर्मचारियों में उत्साह बढ़ गया है, हालांकि अभी तक चुनाव की अंतिम तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। मौजूदा कार्यकारिणी ने अगस्त महीने में चुनाव कराने का प्रस्ताव रखा है। अगर इस तिथि पर सहमति नहीं बनती है, तो मई के पहले सप्ताह में चुनाव कराने की संभावना भी बनी हुई है।
उत्तराखंड सचिवालय संघ के लगभग 1100 सदस्य कर्मचारी मतदान में भाग लेते हैं। चुनाव के दौरान अध्यक्ष और महामंत्री के पद को लेकर सबसे ज्यादा हलचल रहती है, क्योंकि ये संगठन की कमान संभालने के लिए अहम पद माने जाते हैं। मौजूदा महामंत्री राकेश जोशी ने कहा कि कार्यकारिणी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और संभावित तिथियों पर प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जाएगी।


