उत्तराखंड में ठंड के बीच सियासत में एक बार फिर गरमाहट देखने को मिली है। मामला साल 2025 के निकाय चुनाव के दौरान वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप से जुड़ा है। आरोप है कि ऑडियो में पूर्व विधायक ने कांग्रेस नेता मीना शर्मा और उनके पति के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसमें अब उधम सिंह नगर की रुद्रपुर कोतवाली में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया है।
मीना शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल किया गया था। उन्होंने समय रहते इसकी शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन उन्होंने आज अपने समर्थकों के साथ रुद्रपुर कोतवाली परिसर में सांकेतिक धरना दिया।
- धरने के दौरान मीना शर्मा ने चेतावनी दी, “यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो हमें उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।” इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष बिष्ट ने मीना शर्मा से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि मीना शर्मा की तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ धारा 352 और 79 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


