चुनावी मौसम के बीच राजनीतिक दलों के लुभावने वायदे आम बात बन चुके हैं। ऐसे ही एक अनोखे मामले ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। महाराष्ट्र के नांदेड़ नगर निगम चुनाव 2026 में सियासी गर्माहट चरम पर है और अब इसमें ‘मटन की दावत’ भी एंट्री ले गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण ने एक चुनावी रैली में मतदाताओं को संबोधित करते हुए ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का नया मुद्दा पैदा कर दिया।
नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान तरोडा में आयोजित रैली में अशोक चव्हाण ने कहा, “रोज खाओ मटन और दबाओ भाजपा का बटन।”
उन्होंने आगे बताया कि विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार मतदाताओं को तरह-तरह की दावत और लालच देंगे। इस बीच चव्हाण ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मतदाता चाहें तो रोज मटन खाएं, लेकिन वोट भाजपा को ही दें।
रैली में अशोक चव्हाण के अलावा राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे। चव्हाण के इस ‘मटन वाला मंत्र’ ने न केवल सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, बल्कि चुनावी मैदान में नई चर्चा भी छेड़ दी।
नांदेड़-वाघाला नगर निगम चुनाव में 20 वार्डों की 81 सीटों के लिए कुल 491 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में लगभग 5,01,799 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मुख्य राजनीतिक दलों में भाजपा, शिवसेना, शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस, एमआईएम, वंचित बहुजन अघाड़ी शामिल हैं, साथ ही कई निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।


