उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। ताजा मामला कुमाऊं मंडल के ऊधमसिंह नगर जिले से सामने आया है, जहां सितारगंज–पीलीभीत हाईवे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव गौरीखेड़ा निवासी मो. सुल्तान (24) अपने भतीजे मो. नाजिम (16) और भांजे मो. सैफ (15) के साथ-साथ मो. शादाब (26) और मो. गुलफाम (20) के साथ सब्जी ढोने वाली ठेला गाड़ी से उत्तर प्रदेश के गांव मुंडलिया स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे।
इसी दौरान, गांव मालपुरी के पास एक पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल, सितारगंज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मो. सुल्तान, मो. नाजिम और मो. शादाब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मो. सैफ और मो. गुलफाम की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और फरार डंपर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।


