उत्तराखंड से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पैसों के लालच में एक बाबा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
यह घटना हरिद्वार के पास स्थित राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र की है। 13 अप्रैल को वन विभाग के एक कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि जंगल के भीतर एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस ने खुद अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, वहीं पुलिस ने आसपास के गंगा घाटों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर पूछताछ के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया।
जांच के दौरान मिले सुरागों से संकेत मिला कि आरोपी नशे के आदी हैं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते। पुलिस ने संदिग्ध हुलिए के आधार पर तलाश तेज की। 17 अप्रैल को गश्त के दौरान हिल बाईपास फ्लाईओवर के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना (इटावा, उत्तर प्रदेश) और रोहित कुमार (पटना, बिहार) के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे नशे में थे और अगले दिन सुबह काम की तलाश में घूम रहे थे। इसी दौरान मोतीचूर तिराहे के पास उनकी मुलाकात एक बाबा से हुई। जब उन्होंने बाबा के पास पैसे देखे तो उनसे पैसे मांगने लगे, लेकिन बाबा ने मना कर दिया और उन्हें डांटकर भगा दिया।
गुस्से और लालच में आकर दोनों ने बाबा को सुनसान जगह पर ले जाकर धक्का दिया, जिससे वह पत्थरों पर गिर पड़ा। इसके बाद उन्होंने पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और पैसे लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है, जबकि मृतक की पहचान के प्रयास जारी है


