उत्तराखंड के तीन दिनी दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरूवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। देहरादून एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-दमाऊ और पार्टी के झंडों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। पीली साड़ी और पारंपरिक नथ पहने महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष सांस्कृतिक रंग दिया। एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों तक कार्यकर्ता स्वागत के लिए कतारबद्ध नजर आए।
दौरे के दूसरे दिन 29 मई को नितिन नवीन टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, विपक्ष की गतिविधियों और सरकार की जनछवि जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी इस बार बड़े आयोजनों के बजाय लाभार्थियों तक सीधा संपर्क और छोटे लेकिन प्रभावी कार्यक्रमों पर ज्यादा फोकस कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इसी रणनीति को लेकर नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।
बैठकों के बाद नितिन नवीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भाग लेंगे। दौरे के तीसरे दिन वे बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही प्रदेश के दायित्वधारियों के साथ भी विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी इस दौरे के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को और धार देने में जुटी है।


