उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की राजनीति में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। शुक्रवार 10 जुलाई को धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का गौरव हासिल किया।
मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल के 1832 दिन पूरे हो गए हैं, जबकि एनडी तिवारी 1831 दिनों तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। एनडी तिवारी राज्य के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री थे और उन्होंने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक प्रदेश की कमान संभाली थी।
पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा नेतृत्व ने दोबारा उन पर भरोसा जताया और वह लगातार मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं।
धामी के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने जुलाई महीने में ही दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। 4 जुलाई को वह उत्तराखंड में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने थे और अब उन्होंने सबसे ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी हासिल कर लिया है।
उत्तराखंड बनने के बाद प्रदेश में कई नेताओं ने मुख्यमंत्री पद संभाला, लेकिन लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड अब तक एनडी तिवारी के नाम था। कांग्रेस की ओर से एनडी तिवारी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत मुख्यमंत्री रहे, जबकि भाजपा ने राज्य को नित्यानंद स्वामी, भगत सिंह कोश्यारी, बीसी खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी जैसे मुख्यमंत्री दिए।
राजनीति में धामी का सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और बाद में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। 2012 में उन्होंने खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया और 2017 में भी जीत दर्ज की।
2021 में मुख्यमंत्री बनने के बाद धामी ने कई राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया। 2022 विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से हार के बावजूद भाजपा ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाए रखा। इसके बाद उन्होंने चंपावत सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की। नया रिकॉर्ड कायम करने के साथ ही पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।


