उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच पहाड़ी से आया मलबा एक आवासीय मकान में घुस गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
हादसा अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड की उडयूडा ग्राम पंचायत में हुआ। बताया गया कि बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मलबा खिसककर आवासीय मकान में जा घुसा। उस समय घर के भीतर मौजूद तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। राहत-बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (41) पत्नी राजेंद्र राम, मनीष (17) पुत्र राजेंद्र राम और कल्पना (19) पुत्री राजेंद्र राम के रूप में हुई है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उडयूडा गांव में बारिश के बाद मकान में मलबा घुसने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद एसडीआरएफ और आपदा राहत दल को तत्काल मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।


