उत्तराखंड में कर्मचारियों और अधिकारियों के सामान्य तबादलों के लिए अब सिर्फ एक दिन का समय शेष रह गया है। शासन द्वारा पहले ही विभागों को 20 दिन का अतिरिक्त समय दिया जा चुका है, जिसके चलते 30 जून तक तबादला प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश हैं। ऐसे में सोमवार को कई विभागों में बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी होने की संभावना है।
प्रदेश में तबादला एक्ट के तहत हर वर्ष सामान्य तबादलों की समय-सारणी निर्धारित है। नियमों के अनुसार मार्च से प्रक्रिया शुरू होकर 10 जून तक सभी विभागों को तबादला आदेश जारी कर देने चाहिए थे। हालांकि, तबादला सत्र 2026-27 में कई विभाग तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके, जिसके बाद उन्होंने कार्मिक विभाग से अतिरिक्त समय की मांग की थी।
शासन ने विभागों के अनुरोध पर 20 दिन की मोहलत देते हुए 30 जून तक तबादले करने की अनुमति दी। सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष पांडे ने बताया कि विभाग की तबादला सूची तैयार है और जल्द ही आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं, होम्योपैथिक विभाग ने भी अपनी सूची तैयार कर ली है, जिसे 30 जून को जारी किया जाएगा। वन विभाग, आयुर्वेदिक विभाग सहित कई अन्य विभागों में भी बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी पूरी हो चुकी है।
कई विभाग अंतिम तिथि पर ही तबादला आदेश जारी करने की तैयारी में हैं। विभागाध्यक्षों का कहना है कि यदि आदेश पहले जारी किए जाते हैं तो उनमें संशोधन के लिए दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अंतिम दिन सूची जारी करने से अनावश्यक हस्तक्षेप और संशोधन की संभावनाएं कम रहती हैं।
हालांकि अधिकांश विभाग 30 जून तक प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में हैं, लेकिन शिक्षा विभाग अब भी शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादले नहीं कर पाया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के लिए शासन से एक बार फिर अतिरिक्त समय मांगा जाएगा।


