उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कहीं लापरवाही तो कहीं तेज रफ्तार लोगों की जान ले रही है। इसी बीच देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कांवली रोड पर एक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे खड़े एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान वाले क्षेत्र में हुआ, जहां बजरी से भरा डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ढलान होने के बावजूद डंपर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय व्यक्ति को डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर पास की दीवार से टकराकर रुक गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
गुस्साई भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने टायर और लकड़ियां जलाकर सड़क पूरी तरह बंद कर दी, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस ने स्थिति को संभालने और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और डंपर चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


