उत्तराखंड में ट्रैफिक पुलिस के एक दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दारोगा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करते हुए देखा जा सकता है। आरोप है कि ट्रैफिक कार्रवाई के दौरान दारोगा ने एक बुजुर्ग फल विक्रेता के साथ मारपीट की। घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिला। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
पूरा मामला राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात दारोगा योगेंद्र का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में दारोगा को लोगों से घिरा हुआ देखा जा सकता है, जहां मौजूद लोग बुजुर्ग फल विक्रेता के साथ कथित मारपीट का आरोप लगाते हुए विरोध कर रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे रेहड़ी लगाकर फल बेच रहे बुजुर्ग को हटाने के दौरान दारोगा ने उसके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारा। हालांकि, वायरल वीडियो में मारपीट की घटना का कोई स्पष्ट दृश्य दिखाई नहीं दे रहा है। वीडियो में केवल लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोप और दारोगा व एक युवक के बीच हो रही बहस रिकॉर्ड हुई है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। तिब्बती मार्केट के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग फल विक्रेता रेहड़ी लगाकर फल बेच रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे दारोगा योगेंद्र वहां पहुंचे और रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
इस दौरान एक युवक ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में युवक दारोगा से कहता सुनाई देता है कि अगर रेहड़ी नियमों के खिलाफ लगी है तो नियमानुसार चालान किया जाए, लेकिन किसी के साथ मारपीट नहीं होनी चाहिए। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है। युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताते हुए दारोगा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी करता नजर आता है।
वीडियो में युवक दारोगा से कथित तौर पर पैसे लेने को लेकर भी सवाल करता है। इस दौरान दारोगा की ओर से कुछ जवाब देते हुए आवाज सुनाई देती है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट जाते हैं और दारोगा का विरोध शुरू कर देते हैं।
स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग विक्रेता के साथ मारपीट और अवैध वसूली जैसे आरोप लगाए। वहीं, वीडियो में दारोगा वायरलेस सेट पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने और रेहड़ी हटाने की कार्रवाई की बात करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए कहा है कि जांच में यदि पुलिसकर्मी के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


