हल्द्वानी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस द्वारा विचार–गोष्ठी एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की आज़ादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की बुनियाद और उसके इतिहास का अभिन्न हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के आधुनिक भारत के सपनों से लेकर मौलाना आज़ाद की जेलों में लिखी गई तहरीरों तक, महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदान तक—कांग्रेस का इतिहास देश की आत्मा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते हैं, तब देश की आज़ादी, एकता और लोकतंत्र की पूरी यात्रा ही उसकी सबसे बड़ी गवाही है।
ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि कांग्रेस 140 वर्ष पहले भी देश की आवाज़ थी, आज भी है और आने वाले समय में भी संविधान एवं जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र उपाध्याय ने कांग्रेस के 140 वर्षों के संघर्ष, योगदान और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों ने कहा कि वर्तमान समय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व और राहुल गांधी द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की गई भारत जोड़ो यात्रा, देश की जनता से सीधा संवाद और लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में पार्षद भागीरथी बिष्ट, पूर्व पार्षद राधा आर्य, प्रदेश सचिव डॉ. मयंक भट्ट, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, राधा चौधरी, देवकी देवी, सुनीता टम्टा, जगमोहन बगड़वाल, कैलाश साह, जगदीश वाणी, गोविंद बगड़वाल, संजू उप्रेती, संदीप जोशी, हरीश लाल वैध, भुवन चंद्र, प्रकाश चंद्र, चंदन भाकुनी, अमित रावत सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


