उत्तराखंड शासन ने लंबे इंतजार के बाद आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है। जारी आदेश के तहत 10 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। कई अहम विभागों का प्रभार बदला गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार, प्रमुख सचिव एल. फैनई से आबकारी विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं सचिव नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी हटाकर उन्हें पंचायती राज विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
अब तक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे आईएएस रविनाथ रमन को परिवहन विभाग की कमान दी गई है। वहीं आईएएस ज्योति यादव, जो हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटी हैं, उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस पंकज कुमार पांडे को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार दिया गया है। आईएएस बृजेश कुमार संत को खनन विभाग के साथ-साथ आबकारी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। वहीं आईएएस सुरेंद्र नारायण पांडे को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा आईएएस युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन, आईएएस रणवीर सिंह को वित्त विभाग तथा आईएएस अभिषेक रुहेला को अपर सचिव के रूप में राज्य संपत्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईएफएस अधिकारी पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।
हालांकि, इस तबादला सूची को लेकर शासन में अभी और बदलाव की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि कुछ महत्वपूर्ण पद अभी भी खाली हैं, जिन पर आने वाले दिनों में नई नियुक्तियां की जा सकती हैं।


