उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने राज्य में चुनावी अभियान को गति देने की रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी अब केंद्रीय नेतृत्व के लगातार उत्तराखंड दौरे कराकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अगले माह के दूसरे सप्ताह में हल्द्वानी आने की संभावना है।
प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी हाईकमान को पत्र भेजकर मल्लिकार्जुन खरगे के साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे तय करने का अनुरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के कार्यक्रमों को लेकर हाईकमान से अनुरोध किया गया है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, खरगे अपने दो दिवसीय हल्द्वानी दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश देंगे। साथ ही उनकी एक बड़ी जनसभा भी प्रस्तावित है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम को हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।
इस बीच राहुल गांधी के भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के दौरे की तैयारी चल रही है। इससे पहले मौसम खराब होने के कारण उनका अल्मोड़ा और पौड़ी दौरा स्थगित करना पड़ा था। अब पार्टी अगले माह के अंतिम सप्ताह में उनका नया कार्यक्रम तय करने में जुटी है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सितंबर के पहले सप्ताह में उत्तराखंड आने की भी संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में केंद्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरे, चुनावी अभियान और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का फोकस विधानसभा चुनाव से पहले राज्यभर में माहौल बनाने, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी के जरिए चुनावी अभियान को धार देने पर है।


