उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नौकुचियाताल झील के किनारे एक युवक का अज्ञात शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया ने झील में शव देखे जाने की सूचना तत्काल भीमताल पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक किसी बाहरी व्यक्ति का प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू की है। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।


