उत्तराखंड के लोगों को शनिवार को बड़ी सौगात मिली। लंबे इंतजार के बाद रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई। इस नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच संपर्क और आसान हो जाएगा।
ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। रामनगर रेलवे स्टेशन पर पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उद्घाटन के मौके पर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को भव्य रूप से सजाया गया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। इससे लोगों को देहरादून पहुंचने के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल मुरादाबाद में चल रहे कार्यों के कारण ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जा रहा है। आने वाले समय में इसे प्रतिदिन चलाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उत्तराखंड में चल रही रेल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई ट्रेन सेवा प्रदेश के दो प्रमुख क्षेत्रों कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल नेटवर्क के विस्तार के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर भी लगातार काम किया जा रहा है। सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस ट्रेन सेवा से रामनगर के साथ-साथ पौड़ी जिले के लोगों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है और रेल सुविधाओं का विस्तार इसका अहम हिस्सा है। रेलवे के अनुसार, रामनगर-देहरादून ट्रेन फिलहाल प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी।


