उत्तराखंड सरकार ने पशुपालन और गन्ना विकास विभाग में 101 युवाओं को नियुक्ति की सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।
नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने की है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। अब सरकारी नौकरी सिफारिश या पहचान से नहीं, बल्कि योग्यता और मेहनत के आधार पर मिल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन और गन्ना विकास विभाग प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी महत्वपूर्ण जरिया है। सरकार पशुपालन को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के जरिए पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुपालकों को अनुदान पर विभिन्न पशुपालन इकाइयां उपलब्ध कराने के साथ टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।
गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण व्यवस्था को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को उन्नत प्रजातियों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में पांच रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे किसानों और पशुपालकों से लगातार संवाद रखें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। उन्होंने ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ ईमानदारी और संवेदनशीलता से काम करने की अपील की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, सचिव एसएन पांडेय समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


