नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने उनके नाम पर मुहर लगाई है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को बताया कि संसदीय बोर्ड ने तुरंत प्रभाव से नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल समाप्त होने के बाद की गई है। पार्टी में लंबे समय से नए संगठनात्मक नेतृत्व पर मंथन चल रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि नितिन नबीन एक कर्मठ और मेहनती नेता हैं, जिन्होंने बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर शानदार रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की ऊर्जा और समर्पण पार्टी को मजबूती देगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बधाई देते हुए कहा कि बिहार से आए युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की सफलता सुनिश्चित होगी।
नितिन नबीन की नियुक्ति से भाजपा में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


