उत्तराखंड पुलिस ने अपने एक समर्पित और कर्मठ साथी को खो दिया। नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुई इस दुखद घटना से पूरे उत्तराखंड पुलिस विभाग, विशेषकर नैनीताल पुलिस परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
करीब 35 वर्षों तक पुलिस सेवा में अपनी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का परिचय देने वाले टेक चंद ने अंतिम समय तक अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर दिवंगत जवान को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिवार को सभी विभागीय सहायता और आर्थिक देयक प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लंकुरा, बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें पुलिस सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी जाएगी। यह सम्मान उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल के प्रति विभाग की ओर से श्रद्धांजलि होगी।
वर्ष 1991 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए टेक चंद ने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा और नैनीताल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2008 से वे नैनीताल में तैनात थे और पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष सुशील जोशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


