उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले दल-बदल और जोड़तोड़ की राजनीति भी जोर पकड़ने लगी है। इसी बीच कोटद्वार में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख भुवनेश खर्कवाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
दरअसल, देहरादून में कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी शैलजा ने भुवनेश खर्कवाल को पार्टी की सदस्यता दिलाई। लंबे समय से भाजपा संगठन में उपेक्षा महसूस कर रहे खर्कवाल के कांग्रेस में शामिल होने को कोटद्वार की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके इस कदम से क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भुवनेश खर्कवाल वर्ष 1995-96 में भाजपा से जुड़े थे। इससे पहले वर्ष 1983 में 23 वर्ष की उम्र में वह ग्राम प्रधान चुने गए थे। वर्ष 1988 से 1996 तक उन्होंने दुगड्डा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली। वह दो बार जिला पंचायत पौड़ी के सदस्य भी रह चुके हैं।
वर्ष 2002 में खर्कवाल ने कोटद्वार विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्हें करीब 10 हजार मत मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे थे। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस में उनका शामिल होना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, उनके दल बदलने के बाद कोटद्वार क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबले को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


