उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2024 भर्ती के साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण के इंटरव्यू 27 जुलाई से शुरू होंगे और 3 सितंबर 2026 तक चलेंगे। इस चरण में दस्तावेज सत्यापन में सफल पाए गए 328 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, लोअर पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि इसका परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित हुआ था। परीक्षा में सफल 406 अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 18 से 21 मई के बीच कराया गया। जांच पूरी होने के बाद 328 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए पात्र घोषित किया गया है। शेष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी अभी जारी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके साक्षात्कार की तिथि भी घोषित की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे साक्षात्कार के समय हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक (यदि लागू हो) के मूल प्रमाणपत्र और अंकतालिकाएं, आरक्षण एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। जिन अभ्यर्थियों के नाम या पारिवारिक विवरण विभिन्न प्रमाणपत्रों में अलग-अलग हैं, उन्हें स्वघोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। पूर्व सैनिक, पर्वतीय क्षेत्र में छूट का दावा करने वाले और सरकारी सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी जमा करने होंगे।
साक्षात्कार से पहले सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 80 रुपये तथा एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा करना होगा।


