उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार वर्षा के कारण कई संपर्क मार्गों पर मलबा और बोल्डर गिरने से आवाजाही बाधित हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे संवेदनशील इलाकों में खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश और बिजली चमकने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


