उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने रविवार (28 जून) से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 जून को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
एक जुलाई को भी मौसम का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने और नदी-नालों के किनारे न जाने की सलाह दी है। भारी बारिश के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


