उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 21 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई शुक्रवार को प्रदेश के कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि गढ़वाल मंडल के जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दिन देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
18 जुलाई शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं अन्य जिलों में बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
19 जुलाई रविवार को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 और 21 जुलाई को भी उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।


