हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।मानपुर पश्चिम गांव में घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटों की दम घुटने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र बिष्ट और छोटे बेटे खुशाल बिष्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकी में जहरीली गैस जमा हो गई थी। टंकी का ढक्कन खोलने के दौरान पहले परिवार का एक सदस्य बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरे सदस्य नीचे उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों की हालत गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों की मदद से तीनों को तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसडीएम मोनिका आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लंबे समय से बंद बेसमेंट की पानी की टंकी में जहरीली गैस बनने की आशंका सामने आई है। हालांकि, गैस किस प्रकार की थी और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही चल सकेगा।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बंद पानी की टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी जानलेवा साबित हो सकती है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है और परिवार के निधन से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।


