उत्तराखंड में सोमवार, 20 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल और चम्पावत, टिहरी में ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर चार जिलों के जिला प्रशासन ने 20 जुलाई (सोमवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


