उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जहां रोजाना लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसी बीच हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी गौरव (22) पुत्र रोशन और रितिक (21) पुत्र माधव गुरुवार देर शाम झबरेड़ा कस्बे से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। वहीं, ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


