उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में लोग असमय अपनी जान गंवा रहे हैं। लापरवाही और तेज रफ्तार को इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण माना जा रहा है। ताजा मामला ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से सामने आया है।
यहां हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बरहैनी जीआईसी के सामने एक कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराते हुए सड़क किनारे नाले में जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नैनीताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कार सवार प्रीति और दो वर्षीय अंश को हल्की चोटें आईं, जबकि ई-रिक्शा चालक अमर सिंह (45), हेमा जोशी (42) और ममता देवी (46) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत बाजपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अमर सिंह, निवासी बरहैनी बाजपुर, ई-रिक्शा से बरहनी की ओर जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


