नैनीताल में एक युवक की होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी महिला मित्र के साथ घूमने आया था। देर रात होटल में उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार निवासी युवक और युवती ने अपने परिजनों को नैनीताल घूमने आने की सूचना दी थी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे नैनीताल पहुंचे। पुलिस ने जिला अस्पताल से शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बीडी पांडे जिला अस्पताल के डॉक्टर सुनील कुमार ने बताया, “युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।”


